कसया। कुशीनगर एयरपोर्ट मार्ग पर युवाओं की स्टंटबाजी रोकने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। मार्ग के गोरखपुर तिराहे और बैरिया चौराहे के समीप दोनों तरफ आठ सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मी लगातार वाहनों की आवाजाही पर नजर रख रहे हैं और सड़क पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाने वालों को रोककर कार्रवाई की जा रही है। एयरपोर्ट मार्ग पर पिछले दिनों बाइक से स्टंट करने के दौरान एक एयरपोर्ट कर्मचारी प्रकाश गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे में उसका पैर टूट गया था। इसके बाद पुलिस ने मार्ग पर स्टंटबाजी करने वाले युवाओं पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सड़क पर तेज गति और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।स्टंटबाजी की घटनाओं को रोकने के लिए गोरखपुर तिराहे और बैरिया चौराहे के पास पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। दोनों स्थानों पर पुलिसकर्मी वाहनों की जांच के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। इसके अलावा एसओ और कस्बा चौकी प्रभारी भी समय-समय पर मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।पुलिस की सक्रियता से एयरपोर्ट मार्ग पर स्टंटबाजी करने वाले युवाओं में कार्रवाई का डर बढ़ा है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की स्टंटबाजी से बचें।
इस संबंध में एसओ इत्यानंद पांडेय ने बताया कि स्टंटबाजी को लेकर एयरपोर्ट मार्ग पर आठ कास्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है। कस्बा चौकी इंचार्ज और मैं स्वयं जाकर निगरानी कर रहा हूं।