रामकोला। थाना क्षेत्र के खोटही काशीछपरा स्थित रामलखन पेट्रोल पंप पर ट्रैक्टर हटाने के विवाद में मारपीट हो गई। पुलिस ने तीन नामजद समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महराजगंज के घुघली थाना क्षेत्र के टेडवा बनहवा टोला निवासी दुर्गाशंकर यादव ने तहरीर में बताया कि वह 24 मई की सुबह करीब 7:30 बजे अपने पुत्र अजय यादव के साथ ट्रैक्टर में डीजल भरवाने पेट्रोल पंप पर गए थे। लौटते समय पेट्रोल पंप पर अधिक भीड़ और जाम के कारण उनका ट्रैक्टर वहीं फंस गया। आरोप है कि इसी दौरान खोटही टोला घरवासी छपरा के अरमान पुत्र सराजुद्दीन अपने साथ अमित व अंकित पुत्रगण शंभू मद्देशिया तथा अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और तत्काल ट्रैक्टर हटाने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दुर्गाशंकर यादव और उनके पुत्र अजय यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने लात-घूंसों, जूते-चप्पलों और हाथ में पहने कड़े से हमला किया, जिससे अजय यादव गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। उनके सिर, मुंह और पेट में चोटें आई हैं।