कसया में प्रदर्शन करतीं महिलाएं व अन्य। स्रोत-सोशल मीडिया
कसया। कुशीनगर और कसया में देह व्यापार के धंधे पर रोक नहीं लग पा रहा है। तहसील से सटे वार्ड संख्या 27 पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के लोगों ने रविवार को मोहल्ले के दो मकानों में देह व्यापार का धंधा संचालित होने पर आक्रोश व्यक्त किया। लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किया है। इसके पूर्व भी होटल में देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन जड़ जमाए धंधेबाज अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे हैं।
मोहल्ले में शनिवार की रात को कथित रूप से आने वाले एक युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि युवक दवा लेने आया था। वार्डवासी औरंगजेब की ओर से दिए गए तहरीर में आरोप लगाया गया कि मोहल्ले के दो मकानों में लंबे समय से देह व्यापार का धंधा चल रहा है। पुलिस भी कार्रवाई करने से परहेज करती है। शिकायत करने वालों पर इस धंधे से जुड़े लोग दबाव बनाने लगते हैं, इसके अलावा धमकियां भी मिलती हैं। वार्ड की नसरून निशा ने बताया कि मोहल्ले के दो घरों में यह धंधा चल रहा है। इससे पूरे मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है। अलीमुन खातून ने भी इस धंधे पर रोक लगाने की मांग की। मोहल्लेवासियों ने मौके पर जुटकर नारेबाजी करते हुए पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। कसया थानाध्यक्ष अभिनव मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।