पंचायत चुनाव करीब, अभी 2142 लोगों के असलहे जमा कराने बाकी
- जनपद में 4, 378 लोगों के पास है असलहा
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। पंचायत चुनाव करीब आते ही ग्रामीण क्षेत्रों में सरगर्मी बढ़ गई है। विवाद की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। 28 फरवरी को तरयासुजान थाना क्षेत्र के बेदूपार गांव में हुए विवाद में गोली चलने से एक व्यक्ति घायल हो गया था। ऐसे में पुलिस प्रशासन की तरफ से सतर्कता बरतते हुए शाम को पैदल गश्त के साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की तलाशी के साथ-साथ असलहा धारक व्यक्तियों के असलहे भी जमा कराए जा रहे हैं। हालांकि अभी 2142 व्यक्तियों का असलहा जमा कराया जाना बाकी है।
मौजूदा समय में जनपद में 4378 लाइसेंसी असलहा धारक हैं। आसन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को देखते हुए जिला प्रशासन की तरफ से सभी असलहा धारकों से उनके असलहे जमा कराए जा रहे हैं। ताकि चुनाव के दौरान इन असलहों की वजह से किसी तरह की घटना न हो। पुलिस विभाग के मुताबिक 4378 असलहा धारकों में से 2236 लोगों के असलहे जमा करा लिए गए हैं, लेकिन अभी भी 2142 लाइसेंस धारक व्यक्तियों के असलहे जमा कराए जाने शेष हैं।
00000
28 फरवरी को फायरिंग में एक व्यक्ति को लगी थी गोली
28 फरवरी को तरयासुजान थाना क्षेत्र के बेदूपार गांव में विवाद के दौरान हुई फायरिंग में एक व्यक्ति को गोली लग गई थी। घायल व्यक्ति को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया था। पहले तो पुलिस उस व्यक्ति को गोली लगने की बात से इनकार करती रही लेकिन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि होने पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई की। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
00000
चुनाव के दौरान असलहों का दुरुपयोग न हो इसलिए उन्हें जमा कराया जाता है। 4378 असलहा धारकों में 2236 लोगों ने जमा कर दिया है। शेष में 400 असलहे ऐसे हैं, जिन्हें लेकर उनके धारक गैर जनपदों में हैं। इसके अलावा लगभग 600 ऐसे असलहा धारक हैं जो या तो स्वर्ण व्यवसायी हैं या फिर पेट्रोलपंप संचालक। इस तरह लगभग एक हजार असलहे जमा नहीं हो पाएंगे, लेकिन शेष असलहे शीघ्र जमा करा लिए जाएंगे।
- विनोद कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक