जटहां बाजार (कुशीनगर) । अकबरपुर क्षेत्र के गन्ना किसानों ने रविवार को चीनी मिल का आवंटन बदलने की मांग को लेकर सुबह करीब 10 बजे पडरौना-बलकुड़िया मार्ग जाम कर दिया। किसान इस क्रय केंद्र का गन्ना रामकोला की पंजाब चीनी मिल को आवंटित करने की मांग कर रहे हैं। एसडीएम पडरौना अजय नारायण सिंह ने इस मामले में गन्ना विभाग के अधिकारियों से बातचीत करके समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।
अकबरपुर गांव में कई साल से रामकोला स्थित पंजाब चीनी मिल का गन्ना क्रय केंद्र चलता है। इस वर्ष यह केंद्र महराजगंज स्थित गड़ौरा चीनी मिल को आवंटित कर दिया गया है। इस क्रय केंद्र पर अकबरपुर के अलावा विंदल छपरा, तेजवलिया, कुदौना, करमैनी आदि गांवों के किसान अपना गन्ना गिराने आए हैं। किसानों ने पिछले महीने मुख्यमंत्री व गन्ना आयुक्त सहित अन्य वरिष्ठ अफसरों को पत्र भेजकर आवंटन बदलने की मांग की थी। इसके बाद भी किसानों की इस मांग की तरफ से ध्यान नहीं दिया गया। इस बीच रविवार को सुबह करीब 10 बजे क्रय केंद्र से जुड़े इलाकों के किसानों ने पडरौना-बलकुड़िया मार्ग पर जाम लगा दिया। सीताराम कुशवाहा की अगुवाई में जुटे किसान जाम लगाने के साथ ही वहीं धरना देने लगे। किसानों का कहना है कि वह लोग गड़ौरा चीनी मिल को अपना गन्ना नहीं देंगे। सड़क जाम की वजह से इस रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
एसडीएम पडरौना अजय नारायण सिंह ने इस मामले में गन्ना विभाग के अधिकारियों से बातचीत करके समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। इस दौरान गुड्डू नायक, जितेंद्र, दिनेश, मकसूद, गुड्डू पांडेय, उमेश, मनोज, दु:खी कुशवाहा, छोटेलाल कुशवाहा, नंदू चौहान, खजांची कुशवाहा, छेदी, भोला, दुर्गेश, सुनील कुमार, भगवती, विनय कुमार नायक, अब्दुल करीम आदि मौजूद रहे।