पडरौना। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर रविवार को विकास भवन परिसर में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें 28 दिव्यांग लोगों को ट्राई साइकिल और बैसाखी वितरित की गई। साथ ही उन्हें अधिकारों के प्रति सजग करते हुए दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा इनके उत्थान के लिए हर संभव प्रशासनिक मदद की बात भी की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीडीओ कृष्ण कुमार गुप्त ने की। उन्होंने कहा कि दिव्यांग लोगों के लिए सरकार की तरफ से संचालित योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूकता पैदा करनी होगी। उन्होंने बताया कि पेंशन, कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण, अनुदान योजना, दिव्यांग शादी प्रोत्साहन अनुदान योजना, दुकान निर्माण एवं करेक्टिव सर्जरी योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए कम से कम 40 प्रतिशत दिव्यांग होना जरूरी है। सीडीओ ने पात्र लोगों को सरकार की तरफ से संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रपत्र पर आवेदन पत्र संबंधित विकास खंड और जिला कार्यालय में जमा करने को कहा। उन्होंने कहा कि कई दिव्यांग पेंशनरों का आधार नंबर अभी तक जमा नहीं है। इस तत्काल जमा कराने के लिए कहा। ताकि पेंशन बाधित न हो।
अंत में दिव्यांग अनिल कुमार, श्रवण यादव, मुन्ना यादव, शायदा खातून, बसंत पटेल, आशा, सुनीता, जोधन, रूपेश यादव, विजय पाठक, आस मोहम्मद, अभिषेक सिंह, अविनाश, प्रमोद चौरसिया, वकील साहनी, कन्हई प्रसाद, प्रीती, शमशेर, पप्पू, इंद्रदेव समेत कुल 28 लोगों में ट्राई साइकिल, बैसाखी व सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। इस मौके पर शालिनी सागर, शिवशंकर गुप्त, लोकनाथ शुक्ल आदि मौजूद रहे।