नगर के सभी प्रमुख बाजार और सड़कों पर देर शाम तक रहा लगा रहा लोगों का रेला, सड़कों पर रह-रहकर लगता रहा जाम
पडरौना। दिवाली की पूर्व संध्या पर शनिवार को शहर के बाजार खरीदारों से गुलजार रहे। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों ने लाई, चिउड़ा, मिठाई, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं और दीयों की जमकर खरीदारी की। नगर के प्रमुख बाजारों और सड़क किनारे लगी दुकानों पर देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ जुटी रही। भीड़ के चलते शहर की प्रमुख सड़कों पर रह-रहकर जाम लगता रहा।
हालांकि, यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कॉलेज मोड़ और अंबे चौक से ही कार समेत अन्य बड़े वाहनों का बाजार में प्रवेश रोक दिया था। बाजार में केवल पैदल चलने वालों और बाइक सवारों को ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही थी।
शहर के सुभाष चौक, रामकोला रोड, कोतवाली रोड, बेलवा चुंगी, धर्मशाला रोड, तिलक चौक, गुदरी बाजार, सेंट्रल बैंक रोड और दरबार रोड समेत प्रमुख बाजारों में शनिवार सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी थी। लोग लाई, चिउड़ा, मिठाई, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं और मिट्टी के दीये खरीदते नजर आए। दिवाली पर पूजा के लिए मिट्टी की मूर्तियों और दीयों की मांग अधिक रही। कोलकाता और बनारस की बनी चमकीली मूर्तियों के साथ स्थानीय कारीगरों के मिट्टी के दीये भी लोगों की पसंद बने रहे।
इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक सामान, रंग-बिरंगी झालरों और अन्य सजावटी वस्तुओं की दुकानों पर भी देर शाम तक खरीदारों की भीड़ रही।
सड़कों पर दिनभर रेंगते रहे वाहन
शहर में सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। सुभाष चौक, तिलक चौक, बेलवा चुंगी और रामकोला रोड समेत कई स्थानों पर दुकानदारों ने सड़क तक दुकानें लगा रखी थीं। खरीदारों की भीड़ और वाहनों की आवाजाही के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
हालांकि, यातायात पुलिस ने जाम से बचाव के लिए कॉलेज मोड़ और अंबे चौक से कार समेत बड़े वाहनों का बाजार में प्रवेश रोक दिया था। इसके बावजूद प्रमुख सड़कों पर रुक-रुककर जाम लगता रहा।
सजावटी सामान की दुकानों पर भी रही भीड़
नगर के सुभाष चौक से कोतवाली रोड, तिलक चौक, मेन बाजार रोड, दरबार रोड और सिनेमा हॉल रोड समेत कई स्थानों पर सजावटी सामान की दुकानें सजी रहीं। लोग घरों को आकर्षक ढंग से सजाने के लिए फूल-पत्तियां, प्लास्टिक और कागज से बने सजावटी सामान खरीदते नजर आए। इन दुकानों पर भी देर शाम तक ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।