पडरौना। पीसीएस और एसीएफ (प्रारंभिक) परीक्षा 12 अक्तूबर को होगी। यह शहर के सात विद्यालयों में बनाए गए केंद्रों पर आयोजित होनी है। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं। हर केंद्र पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। परीक्षा में 2880 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि परीक्षा के लिए कुल सात केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रधानाचार्य को परीक्षा के संबंध में मिले निर्देश के अंदर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया है कि प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली में परीक्षा 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। सभी परीक्षार्थियों के लिए यह जरूरी होगा कि वह परीक्षा से 45 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। सुबह की पाली के लिए सुबह आठ बजे से तथा दूसरी पाली के लिए एक बजे से परीक्षार्थियों को प्रवेश शुरू कर दिया जाएगा। परीक्षा कड़ी सुरक्षा व सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आयोजित की जाएगी। सभी केंद्रों पर पुलिस बल भी अलग से तैनात होगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी भी लगा दी गई है।
इन विद्यालयों को बनाया गया परीक्षा केंद्र
उदित नारायण इंटर कॉलेज पडरौना ब्लॉक-ए, उदित नारायण इंटर कॉलेज पडरौना ब्लॉक-बी, उदित नारायण पीजी कॉलेज पडरौना ब्लॉक-ए, उदित नारायण पीजी कॉलेज पडरौना ब्लॉक-बी, गोस्वामी तुलसीदास इंटर कॉलेज पडरौना, स्योबाई कमला देवी टिबड़ेवाल कन्या इंटर कॉलेज पडरौना और किसान इंटरमीडिएट कॉलेज साखोपार समेत सात विद्यालयों को पीएसस परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।