पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को डीएम की अध्यक्षता में विद्युत संविदा मजदूर संघ, विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति एवं जिला विद्युत समिति की बैठक हुई। इसमें विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर डीएम ने सेवा प्रदाता फर्म संचालकों से विद्युत संविदा कर्मियों काे समय से वेतन देने के निर्देश दिए। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य आए दिन होने वाले धरनों को कम कर उचित मांगों पर प्रभावी कार्रवाई करना और जिला स्तर पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना है।
बैठक में सबसे पहले विभिन्न शिकायतों, मांगों और सुझावों पर गंभीरता से सुनी। विद्युत कर्मियों ने मुख्य रूप से फेशियल अटेंडेंस में आने वाली नेटवर्क, सिम, डेटा, इंटरनेट की समस्याओं, दुर्घटनाओं में होने वाली मौत पर अनुग्रह सहायता धनराशि के मिलने में देरी, विभिन्न फार्मों के तहत कार्य करने वाले संविदा कर्मियों को मासिक वेतन में होने वाली देरी के बारे में जानकारी दी। डीएम ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि शासकीय व्यवस्था के अनुरूप हर व्यवस्था और सुविधाएं विद्युत कर्मचारियों को दी जाए। इस दौरान अधीक्षण अभियंता विद्युत प्रदीप वर्मा आदि मौजूद रहे।