पडरौना। मौसम का मिजाज काफी तेजी से बदल रहा है। सुबह शाम कोहरे के साथ रात में गलन बढ़ गई है। दिन में धूप होने से अस्पतालों में बुखार, सिरदर्द और गले में संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। ऐसे मरीजों को डॉक्टर दवा के साथ खानपान में पौष्टिक पदार्थों के सेवन करने की सलाह दे रहे हैं।
पुरुष एवं नेत्र चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव सुमन ने बताया कि ओपीडी में आ रहे करीब तीन सौ मरीजों में से करीब सौ मरीज खांसी, जुकाम, बुखार, गले में खराश और निमोनिया के आ रहे हैं। ऐसे मरीजों को दवा के साथ भोजन में पौष्टिक तत्व लेने और नियमित व्यायाम करने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने बताया कि बदलते मौसम में लोगों को अपनी डाइट का खास ख्याल रखना चाहिए। विटामिन-सी का सेवन अधिक करना चाहिए। साथ ही, बैक्टीरियल और वायरस से बचने के लिए हाथों को साबुन से जरूर धोना चाहिए।