डायरिया और बुखार के मरीजों से पटा जनरल, चाइल्ड वार्ड
जिला अस्पताल में 50 बेड के वार्ड में बृहस्पतिवार को भरे थे 69 मरीज
चाइल्ड वार्ड में भी बुखार, उल्टी-दस्त और पेट दर्द से पीड़ित भर्ती थे बच्चे
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। बदलते मौसम और असंयमित खानपान के चलते इन दिनों डायरिया और बुखार के मरीज बढ़ने लगे हैं। ऐसे में जिला अस्पताल का जनरल और चाइल्ड वार्ड मरीजों से भरने लगा है। बृहस्पतिवार को जनरल वार्ड में 50 बेड की क्षमता की जगह 69 मरीज भर्ती थे। चाइल्ड वार्ड में भी बुखार, पेटदर्द और उल्टी-दस्त से पीड़ित बच्चे भर्ती कराए गए थे।
यूं तो जिला अस्पताल की क्षमता बढ़कर 150 बेड की हो गई है, लेकिन इसमें डायलिसिस यूनिट, पीआईसीयू, एसएनसीयू आदि वार्डों के अलावा जनरल वार्ड और चाइल्ड वार्ड भी है, जहां मरीज भर्ती किए जाते हैं। बृहस्पतिवार को इस अस्पताल के जनरल और चाइल्ड वार्ड में उल्टी-दस्त, पेट दर्द और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। 50 बेड के जनरल वार्ड में 69 मरीज भर्ती कराए गए थे। मरीजों की बढ़ी संख्या को देखते हुए जनरल वार्ड की गैलरी में लगे बेड तक पर मरीज भर्ती किए गए थे। इसके अलावा ओपीडी में भी फिजीशियन कक्ष और बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ लगी थी।
जिला अस्पताल के जनरल वार्ड में भर्ती मरीज
जिला अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को जनरल वार्ड में दस्त से पीड़ित राबड़ी (37) पत्नी इंद्रजीत निवासी सेमरहना थाना पडरौना, अंजली (18) पुत्री वीर बहादुर निवासी पगरा बुजुर्ग, जवाहिर (60) निवासी शिवपुर थाना कुबेरस्थान, उर्मिला देवी (35) पत्नी मारकंडेय राजभर निवासी पडरौना, बुखार से पीड़ित बचिया देवी (62) पत्नी श्रीराम निषाद निवासी राजपुर खास थाना सेवरही, पेट दर्द से पीड़ित सूरज (19) पुत्र राकेश निवासी साढ़ी बुजुर्ग थाना कसया, बुखार से पीड़ित दिलीप पासवान (22) निवासी डिघवा बुजुर्ग थाना कसया सहित 69 मरीज भर्ती कराए गए थे, जिनका इलाज चल रहा था।
चाइल्ड वार्ड में भर्ती मरीज
जिला अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों के मुताबिक उल्टी-दस्त होने पर चाइल्ड वार्ड में आन्या (15) पुत्री मोहम्मद आरिफ निवासी बेलवा चुंगी थाना पडरौना, अंजली (ढाई साल) पुत्री दुर्गेश निवासी शाहपुर थाना पडरौना, बुखार और दस्त से पीड़ित आफिया (08) पुत्री मोहम्मद आरिफ निवासी बेलवा चुंगी पडरौना, अंश (आठ माह) पुत्र मनीष निवासी सरपतही खुर्द थाना नेबुआ नौरंगिया, सत्यम चौबे (02) निवासी तमकुहीराज को बुखार और सर्दी-जुकाम होने पर भर्ती कराया गया था।
डॉक्टर बोले
इस समय मौसम परिवर्तन तेजी से हो रहा है। गर्मी बहुत तेजी से पड़ रही है। इसलिए खान-पान पर ध्यान देना जरूरी है। ताजा खाना खाएं, पानी साफ पीएं, हल्का भोजन करें। इन दिनों वायरल फीवर हो रहा है। पेटदर्द और दस्त के मरीज भी आ रहे हैं। सावधानी बरत कर ही टायफाइड, मलेरिया, चिकनगुनिया, डेंगू और कोरोना जैसी बीमारियों से बच सकते हैं।
-डॉ. रमाशंकर, वरिष्ठ सलाहकार, जिला अस्पताल
बदलते मौसम की वजह से मौसमी बीमारियां भी तेजी से फैल रही हैं। बच्चों के खान-पान पर ठीक से ध्यान न देने के कारण बच्चों में बुखार, उल्टी-दस्त, पेट दर्द आदि की समस्याएं बढ़ रही हैं। अभिभावकों को चाहिए कि बच्चों की देखभाल ठीक से करें। उनके खान-पान और सफाई पर ध्यान दें।
-डॉ. विजय सिंह, बाल रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल
कोट
जिला अस्पताल में उल्टी-दस्त और बुखार के मरीज भी सीएचसी में इंजेक्शन लगाकर रेफर कर दिए जा रहे हैं। इन सामान्य बीमारियों का इलाज सीएचसी-पीएचसी पर आसानी से हो सकता है। मौसम बदल रहा है। इस कारण मौसमी बीमारियां बढ़ रही हैं। यही वजह है कि जिला अस्पताल में मरीज बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के समुचित इलाज का पूरा इंतजाम किया जा रहा है।
-डॉ. एसके वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल