पडरौना। गणितीय कौशल को विकसित करने के लिए एनसीईआरटी प्रदेश के विद्यालयाें में इंटरनेशनल मैथ्स ओलंपियाड का आयोजन कराने जा रही है। इसमें शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों में होने वाली परीक्षा में एक से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थी भागीदारी करेंगे। इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के विजेता को रामानुजन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। डीसी माध्यमिक विष्णु प्रभाकर पांडेय ने बताया कि मैथ्स ओलंपियाड दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में विद्यालय और दूसरे चरण में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परीक्षा कराई जाएगी। इसमें भागीदारी करने के लिए विद्यार्थियों के आवेदन 31 अगस्त तक किए जाएंगे। शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 50 रुपये, जबकि निजी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए 150 रुपये निर्धारित किया गया है।
विद्यालय स्तर पर होने वाली परीक्षा के लिए अक्तूबर और नवंबर की चार तिथियां निर्धारित की गई हैं। स्कूल अपनी सुविधा के अनुसार छह या 27 अक्तूबर, 12 और 25 नवंबर में से एक तिथि का चयन कर सकते हैं। इसकी परीक्षा के लिए केंद्र विद्यालय ही रहेगा, हालाकि इसके लिए विद्यालय से कम से कम 50 विद्यार्थियों का पंजीकरण होना जरूरी है। इस संबंध में डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि विद्यार्थियों में गणितीय कौशल विकसित करने के उद्देश्य से एनसीईआरटी इंटरनेशनल मैथ्य ओलंपियाड का आयोजन किया जा रहा है। इसमें अधिक से अधिक विद्यार्थी शामिल हों, इसके लिए जिले के सभी प्रधानाचार्यों को पत्र जारी किया जा रहा है।