पडरौना/पकवा इनार। महात्मा बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर में नए साल पर लगने वाले मेले के जश्न की तैयारी प्रशासन ने पूरी कर ली है। मेले के दिन एक जनवरी को करीब एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ को देखते हुए सुविधाओं के इंतजाम किए जा रहे हैं।
सैलानियों को कोई परेशानी का सामना न करना पड़े। हर तरह की सुविधाएं चुस्त रहेगी। एनएच से लेकर देवरिया रोड, लीलावती स्टेडियम समेत अन्य जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था बनाई गई है। कुशीनगर घूमने आने वाले लोगों वाहनों की पार्किंग कर सकेंगे। वहीं मेले में वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। मुख्य प्रवेश द्वार से पहले बनाए गए बैरियर से पूर्व ही प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं सैलानियों व लोगों को पैदल ही मेले में भ्रमण करना पड़ेगा। लोगों को घूमने में परेशानी न हो, इसके लिए मुख्य मार्ग के किनारे नगर पालिका की तरफ से जगह-जगह स्वचलित पेयजल और शौचालय की व्यवस्था की गई है।
बिरला धर्मशाला में कंट्रोल रूम, खोया पाया केंद्र व मेडिकल कैंप बनेगा : मेले में होने वाली किसी गतिविधि की जानकारी के लिए बिरला धर्मशाला में कंट्रोल रूम बनेगा। वहीं भीड़ में परिजनों के साथ आने वाले लोगों के बिछड़ने व सामान गायब होने की सूचना के लिए खोया-पाया केंद्र भी संचालित रहेगा। किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के लिए मेडिकल कैंप भी बनेगा। वहां एंबुलेंस, चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की टीम दवाओं के साथ मुस्तैद रहेगी। साफ-सफाई का मुकम्मल इंतजाम करेगा।