नौ करोड़ 45 लाख से चमकेंगे जिले के परिषदीय स्कूल
पडरौना (कुशीनगर )। समग्र शिक्षा के तहत वर्ष 2021-22 में जिले के परिषदीय विद्यालयों के लिए कंपोजिट स्कूल ग्रांट का बजट आवंटन कर दिया गया है। इसके तहत जिले के विद्यालयों के लिए 945.25 लाख रुपये आवंटित किया गया है। इस धनराशि का वितरण स्कूल की छात्र संख्या के आधार पर किया गया है। जिन स्कूलों की छात्र संख्या कम है, उन्हें कम और जिस विद्यालय में छात्र संख्या अधिक है, वहां अधिक धन दिया गया है। यह आवंटित धनराशि विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में भेजी जाएगी। इसे जरूरत के अनुसार समिति के अध्यक्ष और प्रधानाध्यापक के संयुक्त हस्ताक्षर से खर्च किया जा सकेगा।
जिले में कुल 2464 परिषदीय विद्यालय संचालित होते हैं। इसमें से जिले के 55 ऐसे विद्यालय हैं, जहां की अधिकतम छात्र संख्या 30 है। दस हजार रुपये प्रति विद्यालय के हिसाब से इन्हें कंपोजिट ग्रांट के रूप में कुल साढ़े पांच लाख रुपये मिले हैं। 1190 विद्यालयों में अधिकतम छात्र संख्या सौ है। ऐसे विद्यालयों को 25 हजार रुपये के हिसाब से कुल 297.50 लाख रुपये दिए गए हैं। 1085 विद्यालयों की अधिकतम छात्र संख्या ढाई सौ है। इन विद्यालयों को 50 हजार रुपये प्रति विद्यालय के हिसाब से 542.50 रुपये कंपोजिट ग्रांट का धन आवंटित किया गया है। इसी तरह 133 ऐसे परिषदीय विद्यालय हैं, जिनकी छात्र संख्या ढाई सौ से एक हजार के बीच है।
इन विद्यालयों को 75 हजार रुपये प्रति विद्यालय के हिसाब से 99.75 लाख कंपोजिट ग्रांट के रूप में आवंटित किया गया है। यह धनराशि विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में भेजी जाएगी, जिसे विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष और प्रधानाध्यापक के संयुक्त हस्ताक्षर से खर्च किया जाएगा। इस धनराशि का प्रयोग विद्यालय की साफ-सफाई, खराब हैंडपंप व टोटियों को सही करने, स्टेशनरी समेत अन्य छोटी-मोटी वस्तुओं की खरीदारी और जरूरतों पर खर्च किया जाएगा।
जिला समन्वयक निर्माण गौरव पांडेय ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों के लिए कंपोजिट ग्रांट का धन जिले को आवंटित हो गया है। यह धनराशि विद्यालय की छात्र संख्या के आधार पर वितरित की जाएगी। इस धनराशि का उपयोग विद्यालय प्रबंध समिति जरूरतों के हिसाब से खर्च कर सकेगा। शीघ्र ही शासन से मिली कंपोजिट ग्रांट की धनराशि को विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में हस्तांतरित कर दिया जाएगा।