असलहाधारी गैंग की मौजूदगी से लोगों में दहशत
यूपी-बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र में हथियारों से लैस गिरोह कर रहे हैं चहल-कदमी
खड्डा (कुशीनगर)। करीब एक दशक से शांत पड़े यूपी-बिहार सीमावर्ती गंडक नदी के दियारा क्षेत्र में फिर से हथियारों से लैस एक गिरोह की चहल कदमी शुरू हो गई है। कुछ ग्रामीणों की पिटाई के बाद लोगों में भय का माहौल है। बिहार पुलिस तो छापा मारने की बात कह रही है, लेकिन यूपी पुलिस की खामोशी से लोगों में चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार खड्डा क्षेत्र के शाहपुर, विंध्याचलपुर, वालगोविंद छपरा, मरचहवा आदि गंडक नदी के दियारा क्षेत्र तथा बिहार के नौरगिया, पिपरासी, लौकरिया थाना क्षेत्र एवं वाल्मीक टाइगर रिजर्व के जंगल में हथियार बंद गिरोह लगातार चहल कदमी कर रहे हैं। कुछ दिन पहले मरचहवा एवं नौरंगिया के कुछ लोगों से गिरोह का आमना-सामना हो गया था। एक युवक के पिता ने बताया कि खेत से मोहित लौट रहा था, तभी बिहार के नौरंगिया व यूपी के खड्डा थाना सीमा पर जंगल के पास बदमाशों ने पकड़ लिया। बदमाशों में तीन ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था। सबके पास असलहे थे। मोहित को मारपीट कर कई घंटे तक साथ रखा और चेतावनी देते हुए छोड़ दिया। बदमाशों के मौजूद होने की सूचना फैलते ही लोग अपने खेती कार्य से जाने में कतरा रहे हैं।
हालांकि कुछ दिन पूर्व बिहार के नौरंगिया थाना तथा जिला पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में छापा मारा था, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। यह क्षेत्र करीब पांच दशक तक जंगल पार्टी के आतंक के साए में रहा। यह इलाका एक दशक से पूरी तरह शांत बना हुआ है। बिहार इलाके में नक्सली संगठन अब भी सक्रिय हैं।
कोट
कुछ असामाजिक लोगों को हथियार के साथ भ्रमण की सूचना मिलने के बाद जिला पुलिस के साथ छापा मारा गया था। पुलिस की गश्त जंगली व सीमावर्ती दियारा इलाकों में बढ़ा दी गई है।
राजेश कुमार झा, एसओ नौरंगिया बिहार
ऐसी कोई जानकारी नहीं है। कोई वीडियो या फोटो भी सामने नहीं आया है। बिहार पुलिस से बात किया जाएगा की क्या मामला है।
संदीप कुमार वर्मा, सीओ खड्डा