जनपद में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला
पडरौना (कुशीनगर)। कोरोना संक्रमण की रफ्तार काफी कम हो चुकी है। शनिवार को जिले में केवल एक संक्रमित मरीज मिला। इसके अलावा एक संक्रमित मरीज ठीक भी हुआ। अब केवल 29 एक्टिव केस बचे हैं।
जिले में अब तक 739581 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। शनिवार को भी 3428 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया। शाम को 2658 लोगों की रिपोर्ट मिली जिसमें से केवल एक व्यक्ति संक्रमित मिला। शेष 2657 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव रही। इसके अलावा पहले से संक्रमित एक मरीज भी शनिवार को स्वस्थ हुआ।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता के मुताबिक अब तक जिले में 15571 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं जिसमें से 15318 लोग स्वस्थ हो गए हैं। अब तक 224 लोगों की इस बीमारी से मौत हुई है जबकि 29 लोग भी बीमारी से जंग लड़ रहे हैं। सीएमओ ने बताया कि जिले में संक्रमण दर 2.10 प्रतिशत, ठीक होने वालों की दर 98.37 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.44 प्रतिशत है। ब्यूरो