रामकोला। कप्तानगंज-रामकोला मार्ग पर शुक्रवार की रात करीब 12 बजे कप्तानगंज रेलवे स्टेशन से सवारी लेकर आ रहा टेंपो चंदरपुर के समीप एक लक्जरी गाड़ी से टकरा गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 100 नंबर की पुलिस वैन मौके पर पहुंची और घायलों को रामकोला सीएचसी भेजा गया।
रामकोला थाना क्षेत्र के अमवा बाजार पांडेय टोला निवासी श्रीपति शर्मा मेरठ में नौकरी करते हैं। यहां घर पर शादी है, जिसमें शामिल होने के लिए वे शुक्रवार की रात में परिवार समेत ट्रेन से कप्तानगंज रेलवे स्टेशन पर उतरे। गांव के ही एक टैंपो से सभी लोग घर आ रहे थे। चंदरपुर के पास सामने से आ रही गाड़ी से टक्कर हो गई। इस हादसे में टेंपो में सवार अवधेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा श्रीपति शर्मा व उनके दोनों लड़के जितेंद्र व विक्की तथा टेंपो चालक को भी गंभीर चोट आई है। रामकोला पुलिस ने इस मामले में मृतक अवधेश के भाई रमेश यादव की तहरीर पर लक्जरी गाड़ी के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गाड़ी भी पुलिस के कब्जे में है।