-घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
परसामलिक। नौतनवा थाना क्षेत्र के संपतिहा चौकी के पास रविवार की सुबह करीब 7:00 बजे सोनौली, गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गोरखपुर गीडा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरयां जिला गोरखपुर निवासी पांचों युवक किसी का काम से शनिवार को सोनौली होकर नेपाल गए थे। रविवार की सुबह घर लौटते समय नौतनवां थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी संपतिहा के पास गोरखपुर से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई, जिसमें कार चालक ग्यासुद्दीन (35), निवासी ग्राम सरयां, गौतम विश्वकर्मा (20) निवासी ग्राम साथीपार, शिव प्रताप सिंह (27) निवासी साथीपार, रंजीत साहनी (25) निवासी साथीपार, सुनील शर्मा (24) निवासी सरयां गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
मौके पर पहुंचे संपतिहा चौकी के उपनिरीक्षक मनीष कुमार व पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से पांचों घायलों को सीएचसी रतनपुर भेजा। जहां चालक ग्यासुद्दीन की मौत हो गई। बाकी चारों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गोरखपुर गीडा थाना क्षेत्र के पांचों युवक दोस्त थे। कार से नेपाल घूमने गए थे। हादसे में ग्यासुद्दीन की मौत के बाद चीख पुकार मच गई। ग्यासुद्दीन कार चला रहा था। अचानक सामने ट्रक कब आ गया पता नहीं चला। ग्यासुद्दीन के पिता जकुल्लाह की मौत पहले हो चुकी है। ग्यासुद्दीन दो भाइयों में छोटा था। मौत की खबर सुनकर बड़ा भाई वजुल्लाह गोरखपुर से आ रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी तबीयत खराब हो गई, जो गोरखपुर एक निजी अस्पताल में भर्ती है। पुत्र की मौत की खबर सुनकर कुद्दूसीन निशा बदहवास हो गई हैं। वहीं पत्नी नेहा व 2 वर्षीय पुत्र गुलफाम का रो-रो कर बुरा हाल है।
ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
-जय प्रकाश त्रिपाठी, सीओ, नौतनवां