टेलर की चपेट से बाइक सवार युवक की मौत
कसया (कुशीनगर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 स्थित अभिनायकपुर क्रासिंग पर रविवार को एक टेलर ने पहले एक अनुबंधित बस में टक्कर मारी। उसके बाद अनियंत्रित हो जाने पर दो बाइक चालकों को भी टक्कर मार दिया। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि टेलर चालक सहित तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को कसया सीएचसी भेजवाई। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने हालत चिंताजनक बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रविवार दोपहर लगभग एक बजे पटहेरवा थाना क्षेत्र के बड़हरा गांव के निवासी संजय प्रसाद गोंड (42) पुत्र नगीना गोंड बाइक से कसया किसी कार्यवश आ रहे थे। इसी बीच गोरखपुर की तरफ से आ रहा एक टेलर राष्ट्रीय राजमार्ग-28 स्थित अभिनायकपुर क्रासिंग पर मुड़ते समय तमकुहीराज से कसया की तरफ आ रही अनुबंधित बस से टकरा गया। इससे अनुबंधित बस क्षतिग्रस्त होकर सड़क के किनारे रुक गई। बस में सवार फाजिलनगर कस्बा निवासी बबलू प्रजापति (27) घायल हो गए। बस में टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित टेलर संजय व कसया थाना क्षेत्र के अंध्या गांव हतवा टोला निवासी संतोष (30) की बाइक में भी टक्कर मार दी। इस हादसे में संजय की मौके पर मौत हो गई। जबकि संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए।
हरियाणा प्रांत निवासी टेलर चालक विक्की (30) को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त अनुबंधित बस के यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस सड़क हादसे में घायल संतोष, बबलू प्रजापति एवं विक्की को कसया सीएचसी लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक देेख डॉक्टर ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कसया थाने के एसओ अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि टेलर को कब्जे में ले लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।