गांव में अधिकारियों ने लगाई कोर्ट, तुरंत हुआ फैसला
खड्डा। क्षेत्र के चमरडीहा गांव के टोला कडुआवन में एसडीएम व तहसीलदार ने बुधवार को संयुक्त रूप कोर्ट लगाकर मामलों की सुनवाई की। इस दौरान गांव की सार्वजनिक जमीन के विवाद का निस्तारण कर सामुदायिक शौचालय का निर्माण भी शुरू कराया गया। इस मामले में तहसीलदार खड्डाने पहले ही नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का निर्देश दिया था।
खड्डा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा चमरडीहा के टोला कड़ुअवना में सरकारी जमीन के लिए पांच लोगों ने जमीन को अपना बताते हुए एसडीएम कोर्ट में वाद दायर किया था। इस जमीन पर गांव की भूमि प्रबंधन समिति (प्रधान) ने सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए जमीन चिह्नित करने की मांग की थी। कुछ खाली हिस्से पर जमीन चिह्नित की गई थी। पर उस पर कब्जा जमाए लोग जमीन छोड़ने को तैयार नहीं थे। तहसीलदार न्यायालय ने पांच लोगों को नोटिस जारी कर सरकारी जमीन खाली करने का आदेश दिया था। बुधवार को एसडीएम अरविंद कुमार विवादित जमीन पर पहुंचे और मौके पर ही कोर्ट लगाकर सभी पक्षों की बातें सुनीं व साक्ष्यों का अवलोकन किया।
कोर्ट ने आदेश दिया कि जमीन पर कब्जा किए लोग शौचालय निर्माण में किसी प्रकार हस्तक्षेप नहीं करेंगे। प्रति कब्जेदार 42 हजार रुपये का जुर्माना जमा करना होगा। निर्माण में बाधा डालने पर एंटी भू माफिया समेत अन्य मामलों में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आदेश के बाद शौचालय निर्माण शुरू करा दिया गया है। इस मौके पर एसआई राजेश कुमार, प्रधान प्रतिनिधि नथुनी प्रसाद, मधुकर श्रीवास्तव, दुर्गा प्रसाद, विष्णु, अशोक कुमार, हरेंद्र गुप्ता, जितेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।