पडरौना। डीएम कार्यालय में मंगलवार को 18वीं लोकसभा सामान्य निर्वाचन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर डीएम ने जिले के 53 अधिकारी और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
डीएम उमेश मिश्र ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में जिले के 22,000 से अधिक अधिकारी व कार्मिकों के अलावा करीब 15 लाख मतदाताओं ने भागीदारी निभाई है। लोकतंत्र के महापर्व की सफलता में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का परिश्रम, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और ईमानदारी प्रशंसनीय रहा है। इस समन्वित प्रयास के दौरान मतदान पार्टी प्रस्थान व मतगणना के दिन प्रतिकूल मौसमी प्रभाव के बावजूद सकुशल कर्तव्य सम्पादन करने के साथ चुनाव को सुलभ बनाने के लिए नवाचार प्रयोग किया गया। यह कार्य सभी अधिकारी और कर्मचारियों के सहभागिता से सम्पन्न हो सका है। इसके बाद उन्होंने सीडीओ गुंजन द्विवेदी, एडीएम वैभव मिश्रा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद जफर समेत कुल 53 अधिकारी और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस दौरान जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनीष कुमार गुप्ता, अपर जिला सूचना अधिकारी राहुल कुमार, भीम सिंह, सैयद कमाल रिजवी, शशि मधेसिया, मकसूद अहमद आदि मौजूद रहे।