अंत्येष्टि स्थल अधूरा मिलने पर सचिव, प्रधान को नोटिस
डीपीआरओ ने सलेमगढ़, पथरवा ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। डीपीआरओ अभय यादव ने शुक्रवार को सेवरही ब्लॉक के सलेमगढ़ और पथरवा ग्राम पंचायत का निरीक्षण किया। सलेमगढ़ में पिछले वर्ष से निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थल को देखकर नाराजगी जताते हुए ग्राम प्रधान और सचिव को नोटिस भेजकर जवाब मांगने के निर्देश उन्होंने एडीओ पंचायत को दिए।
डीपीआरओ अभय यादव ने सलेमगढ़ के निरीक्षण में पाया कि यहां पर पिछले वर्ष से बन रहे अंत्येष्टि स्थल का कार्य अभी तक पूर्ण नहीं हो सका है। मौके पर कार्य बंद मिला। इस पर डीपीआरओ ने जिम्मेदारों को हिदायत देते हुए ग्राम प्रधान और सचिव को नोटिस भेजकर जवाब मांगने के निर्देश दिए। इसके बाद डीपीआरओ पथरवा गांव में पहुंचे। यहां पूर्व में तैनात सचिव और ग्राम प्रधान ने करीब तीन लाख रुपये खाते से निकाला लेकिन उसके सापेक्ष काम हुआ ही नहीं है। डीपीआरओ ने इस पर भी जिम्मेदारों को नोटिस भेजकर जवाब मांगने के निर्देश दिए।