कैश की समस्या शहर में अभी भी ज्यों की त्यों बनी हुई है। शनिवार को पडरौना नगर के कई बैंकों में दो से चार हजार रुपये ही भुगतान किए जा रहे हैं। इलाहाबाद बैंक सहित कई में बैंक की शाखाओं में कै श उपलब्ध नहीं था। तीस में से सिर्फ एक ही एटीएम खुला रहा, जहां ग्राहकों की लंबी लाइन लगी रही। कुछ देर बाद में उसमें भी कैश समाप्त हो गया। उधर, खड्डा में कैश न मिलने पर खाताधारकों ने सड़क जाम कर दी।
नोटबंदी के सवा दो महीने बाद भी बैंकों में कैश की किल्लत दूर नहीं हुई है। इलाहाबाद बैंक की पडरौना शाखा में दो दिन से कैश नहीं है। वहां नो कैश का नोटिस चस्पा कर दिया गया है। अपनी विभिन्न जरूरतों से रुपये निकालने बैंक आ रहे लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। नगर के रामकोला रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में भी शनिवार को कैश न मिलने के कारण खाताधारकों को मायूस होना पड़ा। इसका एटीएम तो नोटबंदी के बाद से एक-दो दिन ही संचालित हुआ है। पीएनबी की सुभाष चौक शाखा में शनिवार को चार हजार रुपये ही मिल रहे थे। इसी तरह भारतीय स्टेट बैंक , पीएनबी, सेंट्रल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सहित कई बैंकों में रुपये के लिए खाताधारकों की भीड़ लगी रही। खाताधारकों को बैंकों में सबसे अधिक समस्या यह आ रही है कि बैंक संबंधी छोटे बड़े अन्य कार्य भी नोटबंदी के बाद से नहीं हो पा रहे हैं। दस हजार रुपये से अधिक कैश लेने के लिए उन्हें कई पटल पर औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ रही हैं।
शनिवार को हालत यह रही कि शहर के करीब 30 एटीएम में से सिर्फ बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम में ही रुपये निकल रहे थे। वहां लोगों की लंबी लाइन लगी थी, लेकिन शाम होने से पहले इस एटीएम का कैश भी समाप्त हो गया। लोग रुपये के लिए इधर उधर भटकते रहे।
खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार एसबीआई में शनिवार को कैश न मिलने से नाराज ग्राहकों ने खड्डा-पडरौना मार्ग को जाम कर धरना शुरू कर दिया। हरिनारायण कुशवाहा, यशपाल पाठक, योगेंद्र, मोहित, राजेश, अभिषेक, ओमप्रकाश, विनय, संतोष, नत्थू, दीपक, अरविंद, अनिल सहित कई लोगों ने बताया कि मंगलवार के बाद रोज कतार में खड़ा रहते हैं, लेकिन रुपये नहीं मिलते। बीमारी से जूझ रही नारायणपुर निवासी रेशमा ने बताया कि उन्हें चार दिनों से भुगतान नहीं मिल रहा है। तीन दिनों से भुगतान नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा तब बढ़ गया, जब शनिवार को भी सर्वर डाउन होने के कारण भुगतान नहीं करने की बात बैंककर्मियों ने बताई। कस्बा इंचार्ज ओपी सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों के समझाने के बावजूद दो घंटा बाद जाम समाप्त हुआ। वहीं पीएनबी की सोहरौना शाखा में लाइन में खड़ी महिलाओं ने धक्का मुक्की के दौरान दो व्यक्तियों को पीट दिया। सेंट्रल बैंक और पूर्वांचल बैंक में भी ग्राहकों की भीड़ लगी रही। एसबीआई खड्डा के प्रबंधक हरिशंकर जायसवाल ने बताया कि कैश तो है, लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण भुगतान नहीं हो रहा है। सर्वर ठीक होते ही भुगतान किया जाएगा।
पिपरा कनक प्रतिनिधि के अनुसार तमकुही क्षेत्र के पिपरा कनक में स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा में भीड़ अब भी कम नहीं हो रही है। सुबह पांच बजे से ही लाइन लगी थी। लाइन में लगे लोगों का कहना था कि दिन भर समय देने के बावजूद जरूरत के अनुसार रुपये नहीं मिल रहे हैं।