पडरौना। प्रयागराज में सोमवार से महाकुंभ मेला शुरू हो गया है। इसमें शामिल होने के लिए देश के कोने-कोने से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। जिले से भी कुंभ यात्रियों को जाने के लिए परिवहन निगम ने सोमवार से ही बस सेवा शुरू की, लेकिन पर्याप्त सवारी नहीं मिलने से बमुश्किल एक से दो बसें हीं भेजी जा रही हैं, उन्हें भी सवारी भरने के लिए गोरखपुर जाना पड़ रहा है।
प्रयागराज में महाकुंभ शुरू होने के साथ ही निगम की ओर से जिला मुख्यालय से बस सेवा शुरू करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए जिले से भी बहुत से लोगों के जाने की उम्मीद को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम की ओर से 16 बसें पडरौना के अलावा कसया और हाटा से संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा 22 जनवरी को गाजियाबाद परिक्षेत्र की 40 बसें भी जिले में पहुंच जाएंगी। लेकिन कुंभ जाने के लिए जिले से हर दिन केवल चार से छह लोग बस पकड़ने पहुंच रहे हैं। इसके चलते बसों को सवारी भरने के लिए गोरखपुर जाना पड़ा रहा है। यदि जिले में पर्याप्त सवारी मिल जाएं तो बस देवरिया के रास्ते प्रयागराज जाती।