तमकुहीरोड। किसान पीजी कॉलेज में अब नये सिरे से चुनाव की प्रक्रिया पूर्ण कराई जाएगी। इसके लिए 16 नवंबर को नामांकन पत्र दाखिल होंगे और 19 नवम्बर को मतदान कराया जाएगा। उसी दिन मतों की गिनती कर परिणाम भी घोषित कर दिया जायेगा।
इस कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के बाद रद्द कर दी गई थी। चुनाव के लिए छात्रनेताओं की तरफ से 20 दिन तक लगातार आंदोलन किया गया। रविवार की शाम को कॉलेज प्रशासन और छात्र नेताओं के बीच बैठक हुई। इसमें नए सिरे से चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने 16 नवम्बर को नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ ही दावा और आपत्तियों की तिथि भी तय की। उसी दिन इनका निस्तारण करते हुए उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित होगी। एक दिन प्रचार के लिए मिलेगा और 19 नवम्बर को सुबह मतदान होगा। मतदान के बाद मतों गिनती कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। चुनाव की घोषणा होने पर छात्रनेताओं ने खुशी जताई है।
इस बैठक में कार्यवाहक प्राचार्य डॉक्टर रविन्द्र प्रसाद वर्मा, प्रबंधक सुरेंद्र राय, केन यूनियन के चेयरमैन राजू राय, केशव पाठक, डॉक्टर दिनेश चंद्र श्रीवास्तव सहित छात्रनेता संजय राय, दुर्गेश मद्धेशिया, आनंद जायसवाल, रामनिहोरा यादव, हरेंद्र भारती, रामजीत गुप्ता, हिमांशु जायसवाल, दीपू मिश्रा, अनुज सोनी, अभिषेक शुक्ला, शिविर कुमार, अनिश खान, चंदन शर्मा आदि मौजूद थे।