कुशीनगर/कसया। कुशीनगर महोत्सव में हिस्सा लेने आए भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय कटियार ने बड़े नोट पर पाबंदी को भ्रष्टाचार और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में बड़ा कारगर उपाय बताया। उनका कहना था कि इससे देश को एक साथ दो बड़ी समस्याओं से छुटकारा मिल जाएगा।
पार्टी के नेता रजनीकांत मणि त्रिपाठी के आवास पर पत्रकारों से बातचीत में विनय कटियार ने कहा कि भारत में नोट पर पाबंदी से पड़ोसी पाकिस्तान समेत कई मुल्कों में खलबली मच गई है। क्योंकि हवाला के जरिए उन देशों के रास्ते बड़े पैमाने पर नकली नोट भारत में खपाया जा रहा था। अचानक हुई इस कार्रवाई से राष्ट्र विरोधी तत्वों को संभलने का मौका नहीं मिला। केंद्र सरकार की तरफ से किया गया यह दूसरा सर्जिकल स्ट्राइक था।
यूपी की राजनीति में सपा और बसपा की भूमिका पर उनका कहना था कि सपा तो अगले चुनाव में स्वत: ही साफ हो जाएगी। बसपा के हाथी को पैरालाइसिस हो गया है। दोनों दल यूपी के चुनाव में अब अप्रासंगिक बन जाएंगे। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के झगड़े को पार्टी का आंतरिक मामला बताते हुए इस पर अफसोस जताया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश का नुकसान हो रहा है।