रामकोला। 36 घंटे से बंद चल रही कस्बे के त्रिवेणी चीनी मिल में बुधवार को दिन में ढाई बजे पेराई शुरू कर दिया गया। सोमवार की आधी रात में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल कोर्ट के आदेश पर चीनी मिल बंद हो गई थी। बाद में एनओसी मिलते ही चीनी मिल चालू हो गई।
गन्ना लेकर यार्ड में आए किसानों ने मिल गेट पर प्रदेश और केंद्र सरकार एवं मिल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। रामकोला में स्थित त्रिवेणी चीनी मिल की ओर से सात दिसंबर को पेराई सत्र का शुभारंभ किया गया था। इस बीच प्रदूषण के मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल का आदेश आते ही सोमवार की आधी रात में चीनी मिल प्रबंधन ने पेराई बंद कर दिया। मंगलवार को इसकी जानकारी क्षेत्र के किसानों को हुई तो वह परेशान हो उठे।
हालांकि मिल की ओर से क्षेत्र में पेराई बंद होने का एनाउंस कराया गया था, बावजूद इसके रात में गन्ना लेकर सैकड़ों किसान यार्ड में चले आए थे। ठंड में उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ी। बुधवार को सुबह सभी किसान चीनी मिल के गेट पर हंगामा करते हुए प्रदेश और केंद्र सरकार एवं मिल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
चीनी मिल पर गन्ना लेकर आए किसान अनिल सिंह, बलिस्टर यादव, रामनाथ चौहान, संजय यादव, अजय गोस्वामी, रामनाथ चौहान, शंभू, सहित अन्य किसानों का कहना था कि सभी लोग मंगलवार को सुबह से ही गन्ना लेकर यहां पड़े हैं। भोजन करने के लिए रुपये नहीं है, जितनी लकड़ी लेकर आए थे वह जला दी गई।
ठंडक ज्यादा है, सभी लोग परेशान हैं। इस संबंध में फैक्ट्री मैनेजर मानवेंद्र राय का कहना है कि एनजीटी ने एनओसी दे दिया है, चीनी मिल में पेराई शुरू करा दी गई है।