तमकुहीराज। तरयासुजान थाना क्षेत्र के बाघाचौर गांव के समीप नारायणी नदी में मंगलवार को स्नान करते समय लापता किशोरी की चौथे दिन भी एसडीआरएफ ने तलाश की लेकिन, उसका पता नहीं चला।
कसया थाना क्षेत्र के शिवपुर मठिया निवासी 12 वर्षीय रोशनी पाठक पुत्री सुनील पाठक तरयासुजान थाना क्षेत्र के गांव दनियाड़ी निवासी अवध किशोर उपाध्याय के घर ननिहाल में आई थी। मंगलवार को परिजनों के साथ नारायणी नदी में स्नान करने गई और पानी के तेज बहाव में डूबने लगी। यह देख परिजन किशोरी को बचाने के लिए गए तो वे भी डूबने लगे। नदी में स्नान कर रहा एक युवक परिजनों को बचा लिया, लेकिन किशोरी डूब गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश की गई लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बृहस्पतिवार से एसडीआरएफ लगातार अभियान चला रही है लेकिन अभी रोशनी नहीं मिल पाई है।
इंस्पेक्टर तरया सुजान आशुतोष सिंह ने बताया पानी के तेज बहाव के कारण अभी किशोरी को नहीं खोजा जा सका है। शनिवार को भी अभियान जारी रहेगा।