फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: अभी गर्मी से राहत नहीं, उमस बढ़ाएगी परेशानी

Mon, 29 Jun 2026 01:46 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
चिलचिलाती धूप से बचने के लिए दुपट्टा ओढ़कर जातीं युवतियां। संवाद - फोटो : samvad
विज्ञापन
पडरौना। जनपद वासियों के लिए राहत की खबर नहीं है। शुक्रवार की सुबह हुई हल्की बारिश ने कुछ देर सुकून तो दिया, लेकिन धूप निकलते ही उमस खतरनाक स्तर पर पहुंच गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक बारिश के आसार जताए हैं, लेकिन हल्की फुहार ही होगी। दिन में पारा 38 डिग्री तक पहुंच गया। सुबह 11 बजे के बाद उमस ने लू जैसा अहसास करा दिया। दोपहर में सड़कें वीरान हो गईं।
विज्ञापन

जून के आखिरी हफ्ते में गर्मी ने कहर बरपा रखा है। रविवार की सुबह सात बजे काले बादल घिरे, लेकिन बारिश नहीं हुई। लोगों को लगा कि गर्मी से निजात मिलेगी, लेकिन आठ बजे बादल छंटे और सूरज निकलते ही मौसम और बेरहम हो गया। शरीर से पसीना निकल तो रहा था, लेकिन सूख नहीं रहा था। दोपहर दो बजे अधिकतम तापमान 38 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह बारिश लोकल हीटिंग से हुई थी। बादल छंटने के बाद धूप तेज हो गई, जिससे उमस बढ़ गई।
यह स्थिति लू से भी घातक होती है।उमसभरी गर्मी के कारण सुबह 11 बजे के बाद बाजारों में सन्नाटा पसर गया। सब्जी मंडी, बस स्टैंड और मुख्य चौराहों पर ग्राहकों की जगह सिर्फ पसीने से लथपथ लोग दिखे। ऑटो चालक राजू ने कहा कि गर्मी की वजह से सवारी नहीं मिल रही। जो निकल रहा है वो भी दो मिनट में पसीने से भीग जा रहा है। धूप में खड़े होना मुश्किल है। किसानों के लिए भी ये मौसम मुसीबत बना है। खेतों में धान की नर्सरी तेज धूप और उमस से झुलस रही है।
विज्ञापन

मटिहनिया खुर्द के किसान मनोज सिंह, विमलेश यादव, तरूण कृष्ण शर्मा ने बताया कि रोज पानी लगा रहे हैं, फिर भी बेहन पीली पड़ रही है। अगर दो दिन में बारिश नहीं हुई तो नर्सरी बर्बाद हो जाएगी। कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुति वी सिंह ने बताया कि अगले 48 घंटे के भीतर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। लेकिन दिन में तेज धूप और उमस बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 37-39 डिग्री के बीच रहेगा। मानसून की सक्रियता बढ़ने के बाद ही लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. उपेंद्र चौधरी ने बताया कि सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक घर से न निकलने से परहेज करें। खूब पानी, ओआरएस, नींबू पानी पीते रहें। सिर और आंखों को गमछा व चश्मे से ढककर रखें। लू लगने पर तुरंत छांव में लिटाकर शरीर पर ठंडे पानी की पट्टी रखें और डॉक्टर को दिखाएं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें