कुशीनगर। मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू से चोरी हुए नवजात को पुलिस ने पडरौना कोतवाली के मनिकौरा गांव के पश्चिम टोला से बरामद कर लिया। नवजात को चोरी करने वाली महिला घर छोड़कर भाग गई है। पुलिस के अनुसार वह अपनी चचेरी देवरानी के बच्चे को देखने मेडिकल कॉलेज में आई थी और रात में रेकी करने के बाद नवजात को चुरा ले गई। नवजात के बरामद होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। नवजात को वार्ड में भर्ती करा दिया गया है।
पडरौना कोतवाली के मनिकौरा गांव निवासी माया देवी की चचेरी देवरानी पूनम देवी को तीन दिन पूर्व मेडिकल कॉलेज में प्रसव हुआ था। देवरानी की बेटी एमसीएच विंग में भर्ती थी। इसे देखने के लिए मंगलवार को माया गई थी। पूरी रात रेकी करने के बाद उसने बुधवार को एसएनसीयू वार्ड में भर्ती रीना के नवजात बेटे को उसकी मां बनकर दूध पिलाने के बहाने चोरी कर लेती गई। नवजात चोरी होने के बाद हड़कंप मच गया। जांच में जुटी पुलिस को मेडिकल कॉलेज से मिले सीसी टीवी फुटेज में स्पष्ट कुछ नहीं दिखाई दिया। लेकिन मेडिकल कॉलेज से पडरौना तक सीसीटीवी फुटेज में महिला दिखाई दी। इसके बाद एसपी ने गायब नवजात के बारे में जानकारी के लिए पंपलेट चस्पा कराने के अलावा सोशल मीडिया पर भी पोस्ट वायरल कराया। मनिकौरा के प्रधान प्रतिनिधि हरेंद्र साहनी ने बताया कि शाम को करीब सात बजे गांव की माया देवी आई और बताई कि मेडिकल कॉलेज से जो नवजात गायब हुआ है। उसे मैं लाई हूं। इसके बाद प्रधान प्रतिनिधि उसके घर गया तो देखा कि नवजात कपड़े में लिपटा पड़ा है। इसके बाद प्रधान प्रतिनिधि ने एसपी को जानकारी दी। इसके बाद महिला अपनी बच्चियों को घर पर छोड़कर भाग गई।
- नवजात को सकुशल बरामद कर लिया गया है। वह स्वस्थ्य है। नवजात को उसके पिता को सौंप दिया गया है। कॉलेज से शहर तक महिला को सीसी टीवी कैमरे में देखा गया था। इससे अंदाजा था कि इसी रास्ते महिला गई है। इसके बाद नवजात से जुड़े सूचना के लिए पंपलेट सोशल मीडिया पर वायरल कराया गया था। फरार महिला की तलाश की जा रही है।
केशव कुमार,एसपी कुशीनगर