मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के जरार उपकेंद्र के माघी कोठिलवा के बैरागी टोला में बिजली संकट गहरा गया है। गांव में लगा पुराना 16 केवीए ट्रांसफार्मर काफी समय से जर्जर था, जिससे उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की शिकायतों और मांग के बाद विधायक मनीष जायसवाल के प्रयास से गांव में नया 25 केवीए ट्रांसफार्मर लगाया गया। हालांकि ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर चालू होते ही रविवार को तकनीकी खराबी का शिकार हो गया, जिससे पूरे टोले की आपूर्ति ठप हो गई।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से करीब 60 घरों के लोग भीषण गर्मी में परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या की जानकारी बिजली विभाग को दे दी गई है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है, इससे नाराज उपभोक्ताओं ने बिजली निगम के विरुद्ध नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीण भोला कुशवाहा, गुड्डू कुशवाहा, राधेश्याम कुशवाहा, रामनगीना कुशवाहा, महंगू कुशवाहा, गोरखनाथ कुशवाहा, दिल मोहम्मद अंसारी, विनोद कुशवाहा और सरवन कुशवाहा समेत अन्य लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि भीषण गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
उन्होंने बिजली निगम से जल्द नया और सुचारु ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। अवर अभियंता पीएन कश्यप ने बताया कि जानकारी हुई है। गड़बड़ी दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।