सेवरही। थानाक्षेत्र के राजपुर बगहा गांव में मंगलवार की शाम पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत से मिट्टी हटाने के मामूली मुद्दे पर कहासुनी के बाद चाचा-भतीजे के बीच मारपीट शुरू हो गई, जो चाकूबाजी तक पहुंच गई। घटना में टुनटुन ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए पहले सीएचसी पहुंचाया गया और फिर जिला अस्पताल रवींद्रनगर रेफर कर दिया गया।
मंगलवार को शाम करीब छह बजे टुनटुन ठाकुर पुत्र रामअशीष का अपनी भाभी संध्या से खेत की मिट्टी हटाने को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ी तो मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। इसी दौरान टुनटुन ठाकुर ने संध्या व अपने भतीजे ऋषि ठाकुर को धक्का दे दिया। आरोप है कि इस पर नाराज़ होकर ऋषि ठाकुर पुत्र स्व. सुनील ठाकुर ने घर में रखा चाकू निकाल लिया और टुनटुन ठाकुर के पेट के निचले हिस्से में वार कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवरही पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कालेज रवींद्रनगर रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक घायल पक्ष की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।