खड्डा। दरवाजे पर शुक्रवार की शाम को खेल रहे मासूम की मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोसी पर कीटनाशक पिलाने से बच्ची की मौत होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, लेकिन इसमें मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। हालांकि, पुलिस अभी मौत को संदिग्ध बता रही है।
खड्डा थाना क्षेत्र के भेड़ीजंगल निवासी सन्नी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसकी 18 माह की बच्ची शुक्रवार की शाम को दरवाजे पर खेल रही थी। इस दौरान पड़ोसी ने उसे कीटनाशक पिला दिया। इसके बाद बच्ची उल्टी करने लगी। देर रात को वह उसे लेकर सिसवा में सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां हालत गंभीर बताकर डॉक्टर मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।