दो करोड़ से बनेगा कुशीनगर नगरपालिका कार्यालय
कसया (कुशीनगर )। नगरपालिका कुशीनगर का कार्यालय दो करोड़ की लागत से बनाया जाएगा। गोला तिराहा स्थित इस कार्यालय के पुराने भवन को तोड़कर दो मंजीले भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसमें सभी विभागों के लिए अलग-अलग कार्यालय बनाए जाएंगे। नगरपालिका प्रशासन ने इसकी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। सिर्फ बजट का इंतजार है।
वर्तमान में नगरपालिका कार्यालय एक विवाह भवन के प्रथम तल पर वर्ष 2018 से संचालित हो रहा है। यहां अभी लेखा कार्यालय, कर भवन, जन्म-मृत्यु पंजीकरण कार्यालय, प्रधान लिपिक कार्यालय, अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन का कार्यालय संचालित हो रहा है। इसके पूर्व नगर पंचायत कुशीनगर का कार्यालय नगर के गोला तिराहे के पास संचालित था। वर्ष 2016-17 में विस्तारीकरण होकर नगर पंचायत कुशीनगर नगरपालिका बन गया। विस्तारीकरण में कसया ब्लॉक की 41 ग्राम पंचायतें सम्मिलित कर ली गईं। नगर पंचायत कार्यालय का भवन पुरानी शैली में वर्ष 1956 का बना हुआ है। इसे पीडब्ल्यूडी जर्जर घोषित कर चुका है। इस भवन का क्षेत्रफल लगभग चार हजार वर्ग फुट है। नगरपालिका प्रशासन की ओर से नया कार्यालय बनवाने के लिए मानचित्र भी तैयार कर लिया गया है।
ईओ प्रेमशंकर गुप्ता ने बताया कि पुराने नगर पंचायत कार्यालय भवन को ध्वस्त कर नया नगरपालिका कार्यालय का बनवाया जाएगा। यह दो मंजीला होगा। इसके निर्माण पर अनुमानित व्यय धनराशि दो करोड़ रुपये है। ध्वस्तीकरण व मानचित्र स्वीकृति आदि की सभी औपचारिकताएं पूरी हैं। सिर्फ बजट के अभाव में निर्माण कार्य आरंभ नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि नए भवन में सभी कार्यालयों के लिए अलग-अलग कमरे बनाए जाएंगे। स्टोर रूम के अतिरिक्त आधुनिक सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाएगा। भवन निर्माण सुरक्षा व मजबूती का विशेष ध्यान रखा जाएगा।