मूर्ति विसर्जन स्थल का सोमवार सुबह निरीक्षण करने जा रहे नगर आयुक्त अजय जैन ने डोमिनगढ़ पंपिंग स्टेशन के पास नगर निगम के डंपर से डीजल निकाले जाने की घटना देख ली। नगर आयुक्त को देखते ही डंपर का चालक मौके से भाग गया। नगर आयुक्त ने संबंधित चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए।
मंगलवार को तिवारीपुर थाने में नगर निगम के मुख्य सफाई व खाद्य निरीक्षक राम विजय पाल की तहरीर पर चालक आनंद प्रकाश के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया।एफआईआर के मुताबिक आनंद प्रकाश नगर निगम में संविदा पर चालक के रूप में कार्यरत था। वह नगर निगम के डंपर को चलाता था।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि चालक की ओर से डंपर से डीजल का गबन किया जा रहा था। जानकारी होने पर नगर निगम के अधिकारियों ने इसकी पड़ताल की और डंपर चालक की ओर से डीजल निकालने की घटना सामने आने की बात तहरीर में कही गई है।
नगर निगम के अधिकारियों की ओर से बताया गया कि चालक को आउटसोर्सिंग के तहत नगर निगम में रखा गया था। घटना सामने आने के बाद अधिकारियों ने उसे तत्काल प्रभाव से सेवा से वंचित कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि डीजल चोरी के मामले में विभागीय स्तर पर भी जांच कराई जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि डीजल निकालने की घटना कब से चल रही थी और इसमें और कोई कर्मचारी शामिल है या नहीं।
एफआईआर में आरोपी आनंद प्रकाश का पता पथरा, बड़गो, थाना रामगढ़ताल, गोरखपुर दर्ज है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुरेंद्र गुप्ता को सौंपी गई है। पुलिस अब डंपर से डीजल निकाले जाने के तरीके, इसकी मात्रा और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच करेगी।
नगर निगम की ओर से शिकायतकर्ता मुख्य सफाई व खाद्य निरीक्षक राम विजय पाल ने तहरीर में चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया था। इसके आधार पर तिवारीपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। एफआईआर 14 सितंबर की रात को तिवारीपुर थाने में दर्ज की गई।
अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने बताया कि डीजल चोरी के मामले की जांच कराई जाएगी। ड्राइवर को फिलहाल सेवा से वंचित कर दिया गया है। वाहनों में डीजल डालने को लेकर पूरी प्रक्रिया की जांच होगी। एक महीने की पूरी गतिविधियों का भी रजिस्टर से मिलान किया जाएगा।