हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर मोहम्मदगंज गांव के पास शुक्रवार रात हुआ हादसा
मथौली। हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर मोहम्मदगंज गांव के पास शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजन ने उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मथौली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हाटा कोतवाली क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी रंजीत कुमार (22) शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे बाइक से झांगा बाजार से घर लौट रहे थे। वह मोहम्मदगंज गांव के मोड़ के पास पहुंचे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस की मदद से रंजीत को सीएचसी मथौली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कप्तानगंज और हाटा कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बताया गया कि रंजीत की अभी शादी नहीं हुई थी। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
हाटा के प्रभारी कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।