हाटा। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात हाईवे पर हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उनकी पहचान दीपक मणि (35) निवासी वार्ड नंबर 15, सबया नगर पालिका कसया के रूप में हुई है। वह सीसीटीवी कैमरे का व्यवसाय करते थे।
परिजनों के अनुसार, दीपक मणि किसी काम से बाइक से गोरखपुर गए थे। देर रात करीब 10 बजे वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाटा कोतवाली क्षेत्र के छपरा भगत मोहल्ले के सामने हाईवे पर किसी वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दीपक सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। काफी देर तक वह सड़क किनारे पड़े रहे। कुछ समय बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर पड़ी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा भिजवाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दीपक को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।