गुरवलिया बाजार। तमकुही ब्लॉक के ग्राम पंचायत सपही टड़वा में स्थापित ओवरहेड टैंक का मोटर सात दिन पहले जल जाने के कारण सपही टड़वा के मुसहर बस्ती, भरवा टोली, अनुसूचित बस्ती सहित बरवा राजापाकड़ ग्राम पंचायत के जमुआन, हरिजन बस्ती, मुसहर बस्ती और बभनौली ग्राम पंचायत के अंबेडकर गांव अजयनगर तक जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। इससे लगभग 20 हजार की आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है।
सोमवार को प्रभावित ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जलापूर्ति शीघ्र बहाल करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों में उपेंद्र कुमार, आनंद गुप्ता, भग्न ठाकुर, गोरख प्रसाद, आल्हा, रुदल, सीताराम, बैरिस्टर, नंदलाल, बहादुर, राजकिशोर, ढोढ़ा, भगवान, श्रवण, महातम आदि शामिल थे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जलापूर्ति जल्द बहाल नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। ओवरहेड टैंक के आपरेटर सुदर्शन ने बताया कि दो वर्षों से विभाग से उनका मासिक मानदेय रुके होने के कारण वह आर्थिक तंगी में है। उसे जल निगम से ढाई हजार रुपये मासिक मानदेय मिलता था।
जल निगम के जेई हर्ष भट्ट ने कहा कि जलने वाली मोटर मरम्मत के लिए भेज दी गई है और एक-दो दिन में काम पूरा कर जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आपरेटर के मानदेय संबंधी उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। शीघ्र ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा।