ट्रेन से कटकर बेटे की मौत के बाद बिलखती मां। संवाद
- फोटो : KUSHINAGAR
कुशीनगर जिले में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां मंगलवार को ट्रैक नंबर-तीन पर खड़ी मालगाड़ी जैसे ही सिसवा बाजार की तरफ बढ़ी, कस्बा के सोहरौना रेलवे ढाला के पास एक युवक उसके आगे कूद गया।
ट्रेन की चपेट से युवक का शरीर दो हिस्से में बट गया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घरवालों ने बताया कि बीते दो तीन दिनों से युवक मानसिक रूप से परेशान था।
मंगलवार को दोपहर में सोहरौना गांव निवासी पप्पू (27) घर से निकलकर रेलवे लाइन के पास पहुंचे। उन्हें देखकर उनकी मां भी पीछे-पीछे दौड़ते हुए वहां पहुंचीं। लोगों के मुताबिक, मां रोकती रहीं, लेकिन पप्पू ट्रेन के आगे कूद गए। इससे उनका शरीर दो हिस्सों में बट गया। पप्पू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पप्पू की पत्नी दो बच्चों के साथ मायके गई है।
पप्पू के पिता नंदलाल की पहले ही मौत हो चुकी है। छोटा भाई कमाने के लिए बाहर है। घर पर बूढ़ी मां और छोटे भाई की पत्नी थी। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे पडरौना जीआरपी चौकी के प्रभारी अवधेश कुमार तिवारी और उनके सहयोगी शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गए। चौकी प्रभारी ने कहा कि परिवारवालों ने बताया कि बीते दो-तीन दिनों से युवक मानसिक रूप से काफी परेशान था।