पडरौना। नए वर्ष का पहला दिन सोमवार को सुबह से शीतलहर की स्थिति रही। लोग ठंड की वजह से जगह-जगह दुबके रहे, लेकिन दोपहर एक बजे से तेज धूप निकलने पर लोगों ने काफी राहत महसूस की।
लोगों ने रुके पड़े अपने कार्यों को भी निष्पादित किया, लेकिन उसके बाद शाम को करीब चार बजे से ठंडी हवा चलने से गलन और ठंड ने फिर परेशानी बढ़ा दी।पिछले कई दिनों से शीतलहर के चलते लोगों को काफी परेशानी हो रही है। हालांकि बीच में कुछ दिन धूप खिली, लेकिन सर्वाधिक दिन ठंड पड़ने के कारण लोगों की दिनचर्या पर इसका काफी असर पड़ रहा है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। ठंड अधिक पड़ने की वजह से लोग इससे बचने के लिए तरह तरह के जुगत लगा रहा है।
सोमवार को नववर्ष के उत्साह से लबरेज लोग अपनी पसंद के दर्शनीय स्थलों पर जाने की तैयारी में थे, लेकिन सुबह शीतलहर छाए रहने से उनके मनसूबे पर पानी फिरता दिखा, लेकिन दोपहर करीब एक बजे से धूप खिल जाने से ऐसे लोगों की खुशी दोगुनी हो गई और वे नववर्ष का उत्सव मनाने के लिए निकल पड़े।हालांकि शाम को चार बजे के बाद फिर मौसम सर्द हो गया। तेज हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई और लोग ठंड से बचने की कोशिश करने लगे। ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने आठवीं तक के सभी विद्यालयों में पांच जनवरी तक पठन पाठन बंद रखने का निर्देश दिया है। रात में भी ठंड के चलते लोगों को काफी दिक्कतें हुईं।