फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: 64 सीटर बसों में 100 से अधिक यात्री, हादसे के बाद भी नहीं चेते जिम्मेदार

विज्ञापन
विज्ञापन
64 सीटर बसों में ठूंसे जा रहे 100 से अधिक यात्री, हादसे में दो की मौत के बाद भी नहीं चेते जिम्मेदार
विज्ञापन


ट्रेनों में जगह नहीं मिलने का उठा रहे फायदा, तीन से चार गुना तक वसूला जा रहा किराया
कुशीनगर। दिवाली और छठ पूजा त्योहार में घर पहुंचने की जल्दबाजी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। बसों में यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है। आरोप है कि 64 सीटर बसों में 100 से अधिक यात्रियों को बैठाया जा रहा है। शनिवार को पटहेरवा के लवनिया चौराहे के पास लग्जरी बस और ट्रेलर की टक्कर में दो यात्रियों की मौत और 12 से अधिक लोगों के घायल होने की घटना ने परिवहन व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया है।

दिल्ली के आनंद विहार से बिहार जा रही दुर्घटनाग्रस्त बस में भी निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि 64 सीटर डबल डेकर बस में 100 से अधिक लोगों को बैठाया गया था। त्योहार नजदीक आते ही दिल्ली, नोएडा, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, लुधियाना और राजस्थान से पूर्वांचल व बिहार के लिए बसों का संचालन बढ़ गया है। गोरखपुर से गोपालगंज, सिवान, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर और मधुबनी जाने वाली बसों में भी यही स्थिति है।
विज्ञापन

48, 52, 56 और 64 सीटर बसों में निर्धारित क्षमता की अनदेखी की जा रही है। स्लीपर बसों में दो की जगह चार यात्रियों को बैठाया जा रहा है। कई बसें वैध परमिट और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर टोल प्लाजा पार करते हुए बिहार की सीमा में प्रवेश कर रही हैं। इसके बावजूद परिवहन विभाग की जांच और कार्रवाई प्रभावी नजर नहीं आ रही है।
हैरानी की बात यह है कि बड़े हादसे के बाद पुलिस और परिवहन विभाग सक्रियता दिखाते हैं लेकिन कुछ दिन बाद फिर सबकुछ पुराने ढर्रे पर आ जाता है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संभालने वाले विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मजबूरी का फायदा उठाकर तीन गुना तक वसूली
त्योहार पर घर पहुंचने की चाह रखने वाले यात्रियों की जेब पर भी बस संचालक बोझ डाल रहे हैं। आम दिनों में लग्जरी बसों के स्लीपर का किराया 1200 से 1500 रुपये और सामान्य सीट का 1000 से 1200 रुपये रहता है। त्योहार में यही किराया बढ़कर स्लीपर में 3500 से 4000 रुपये और सामान्य सीट पर 1500 से 2000 रुपये तक पहुंच गया है।
वहीं, गोरखपुर से दिल्ली तक रेलवे के निर्धारित किराये के अनुसार तत्काल टिकट में सामान्य श्रेणी का किराया करीब 160 से 200 रुपये, स्लीपर का 500 से 670 रुपये, एसी थ्री टियर का 1380 से 1885 रुपये और एसी टू टियर का 1930 से 2190 रुपये है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों में जगह नहीं मिलने के कारण उन्हें महंगी बसों से सफर करना पड़ रहा है। अधिक किराया देने के बाद भी सुरक्षित सीट और निर्धारित क्षमता के अनुसार यात्रा की गारंटी नहीं है।
लगातार चेकिंग और जुर्माने के बावजूद नियमों की अनदेखी
पडरौना। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच लग्जरी बसों के चालक और संचालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। परिवहन विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई किए जाने के बावजूद बसों के संचालन में लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। विभाग ने अभियान चलाकर अब तक 50 लग्जरी बसों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें 10 बसों को सीज भी किया गया है।
दिवाली और छठ पर्व पर दूसरे शहरों में रहकर काम करने वाले लोग बड़ी संख्या में घर लौट रहे हैं। ट्रेनों में सीटें नहीं मिलने के कारण यात्रियों की भीड़ निजी और लग्जरी बसों की ओर बढ़ रही है। इसका फायदा उठाकर कुछ बस संचालक निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठा रहे हैं। कई बसों में सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी की जा रही है। यात्रियों से मनमाना किराया वसूले जाने की शिकायतें भी मिल रही हैं।
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए परिवहन विभाग की टीमें लगातार बसों की जांच कर रही हैं। नियमों का उल्लंघन मिलने पर चालान और बसों को सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। यात्रीकर अधिकारी बलवंत सिंह ने बताया कि बीते 15 दिनों में 50 बसों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा परमिट नहीं होने और क्षमता से अधिक सवारी बैठाने समेत अन्य कमियां मिलने पर 10 लग्जरी बसों को सीज कर जिले के अलग-अलग थानों में बंद कराया गया है।
दुर्घटना के समय 100 किलोमीटर प्रतिघंटे से अधिक थी बस की गति
शनिवार को पटहेरवा के लवनिया चौराहे के पास लग्जरी बस और ट्रेलर की टक्कर में दो यात्रियों की मौत हो गई थी, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हुए थे। घटना की सूचना पर जनपदीय दुर्घटना जांच समिति ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
परिवहन विभाग के यात्रीकर अधिकारी बलवंत सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान वहां मौजूद लोगों से बातचीत की गई। घटनास्थल पर मिले दुर्घटना के निशान और क्षतिग्रस्त बस की स्थिति को देखकर अनुमान है कि हादसे के समय बस की गति 100 किलोमीटर प्रतिघंटे से अधिक रही होगी।
उन्होंने बताया कि सीमेंट लेकर जा रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने के दौरान बस का बायां हिस्सा ट्रेलर के दाएं हिस्से से टकरा गया। इससे बड़ा हादसा हुआ। उनके अनुसार, बस की गति कम होती और ओवरटेक करने के लिए पर्याप्त जगह मिलती तो हादसे की गंभीरता कम हो सकती थी।
विज्ञापन

वर्जन
हाईवे से गुजरने वाली लग्जरी बसों की नियमित जांच की जाती है, कमियां मिलने पर चालान किया जाता है। अधिक सवारी बैठाने वाले बसों पर नजर रहती है। त्योहारी सीजन या लगन के सीजन में लंबी दूरी की जिले से गुजरने वाली बसों की निगरानी बढ़ा दी जाती है। यात्रियों को भी अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रखना चाहिए।

-डॉ. दिलीप गुप्ता, एआरटीओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें