विपणन गोदाम में पहुंचे विधायक, मिलीं खामियां
रामकोला। कोटेदारों से शिकायत मिलने पर शुक्रवार को रामकोला विधायक ने कस्बे के कसया मार्ग स्थित विपणन गोदाम का निरीक्षण किया तो वहां खामियां मिलीं। मौके से तैनात विपणन अधिकारी गैरहाजिर थे और एक प्राइवेट व्यक्ति अनाज के बोरों की तौल कराते हुआ मिला। उचित रखरखाव के अभाव में अनाज गोदाम के अंदर फर्श पर बिखरा पड़ा था। इस पर विधायक ने डीएम से इसकी शिकायत की।
विधायक विनय प्रकाश गोंड ने कोटेदारों से शिकायत मिलने पर विपणन गोदाम का निरीक्षण किया। वहां तैनात विपणन अधिकारी शिवमुनि प्रसाद मौजूद नहीं थे। एक प्राइवेट व्यक्ति अनाज का तौल करा रहा था। गोदाम के अंदर चावल व गेहूं फर्श पर बिखरा था। सफाई के अभाव में गोदाम से दुर्गंध आ रही थी।
यह हालात देखकर विधायक ने डीएम एस. राजलिंगम से शिकायत करते हुए नए विपणन अधिकारी को तैनात करने व सरकार की मंशा के अनुसार राशन वितरण कराने की बात कही। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष अनूप श्रीवास्तव, लल्लन गोविंद राव, विशाल मनोहर गुप्ता आदि मौजूद रहे।