पडरौना। खनन विभाग की तरफ से जिले में अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। प्रभारी अधिकारी, क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर की अगुवाई में कुशीनगर, गोरखपुर और महराजगंज के अधिकारियों ने आठ वाहनों पर कार्रवाई की।
जिला खनन अधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि संयुक्त छापेमारी के दौरान टोल प्लाजा हाटा, कसया, जटहां और पडरौना के आसपास खनिज लदे वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान बिना परिवहन प्रपत्र एवं बिना आईएसटीपी के कुल 8 वाहन मिले। एक वाहन पर 1.75 लाख रुपये का बकाया नोटिस होने पर थाना कसया और दो वाहनों को कोतवाली पडरौना को सुपुर्द किया गया।
वहीं पांच वाहन स्वामियों से मौके पर ही 2.42 लाख जुर्माना की रकम वसूली गई। इसके अलावा आजमगढ़ जिले के बकाया नोटिस पर एक वाहन स्वामी से 46120 रुपये जुर्माना जमा कराया गया। संवाद