गुरवलिया बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गुरवलिया के कमकर टोला के करीब शनिवार की रात संदिग्ध हालात में एक अधेड़ का शव सड़क के किनारे पड़ा था। देर रात घर न पहुंचने पर जब परिजनों ने फोन मिलाने का प्रयास किया तो सड़क से गुजर रहे राहगीर ने फोन पर परिजनों को घटना के विषय में जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे परिजन स्थानीय बाजार स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर बाहरी तत्वों को बुलाकर हत्या का आरोप लगाया है। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत के ठाढ़ीभार इनारपट्टी निवासी हंसराज कुशवाहा (45) पुत्र जगदीश कुशवाहा शनिवार शाम को निकटवर्ती गुरवलिया बाजार में बाइक से दवा लेने गए थे। रात करीब नौ बजे तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने फोन करना शुरू किया।
हंसराज के दूसरे नंबर के बेटे मणि प्रकाश कुशवाहा ने कई बार फोन किया, लेकिन पिता से संपर्क नहीं हुआ। जब बड़े बेटे प्रिंस कुशवाहा ने फोन किया तो सड़क से गुजर रहे किसी राहगीर ने फोन उठाकर अचेत अवस्था में होने की जानकारी दी। आनन-फानन में हंसराज के दो बेटे प्रिंस कुशवाहा (23) और मणि प्रकाश कुशवाहा (20) मौके पर पहुंचे और पिता को पास के स्थानीय बाजार स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर लेकर आए।
घटना तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र और घर विशुनपुरा क्षेत्र में होने के चलते दोनों थानों की पुलिस पहुंची। हंसराज के बड़े बेटे का कहना है कि गांव के एक व्यक्ति उनके पिता को लंबे समय से टारगेट कर रहे थे।