खड्डा। कस्बा के तुर्कहा सीएचसी पर इलाज के लिए आए एक मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसकी जानकारी होते ही परिजन डाॅक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर आई पुलिस परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रामपुर जंगल निवासी 51 वर्षीय नरसिंह बीमार थे। परिजन उन्हें शुक्रवार की दोपहर तुर्कहा सीएचसी ले गए, वहां मौजूद डाॅक्टर इलाज करने लगे। इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। इस पर परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। परिजनों का आरोप था कि डॉक्टर ने सादे कागज पर बाहर से इंजेक्शन मंगाकर लगाई। उसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई, जिससे उनकी मौत हो गई। नरसिंह के मौत की खबर गांव में पहुंची तो कुछ और महिला और पुरुष अस्पताल पहुंच गए।
इसकी जानकारी पर अस्पताल पहुंचे हनुमानगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने परिजनों को सझाबुझाकर शांत कराया, लेकिन वे नहीं मानें। कुछ समय बाद खड्डा के प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश उपाध्याय भी पुलिस कर्मियों के साथ सीएचसी पहुंचे और करीब तीन घंटे तक मान मनौव्वल के बाद परिजनों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने नरसिंग के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी पारसनाथ गुप्ता ने बताया कि लापरवाही की बात सरासर गलत है। मरीज काफी पहले से बीमार थे। उनको आज लाया गया, प्राथमिक उपचार के बाद उनको जिला अस्पताल रेफर किया गया था। इसके बाद ले जाने की तैयारी चल रही थी तभी उनकी मृत्यु हो गयी। सूई लगने से मौत की बात असत्य है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।