चार पर पहुंचा पारा, ठिठुरे लोग
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। जिले में ठंड का कहर बदस्तूर जारी है। ठंड से निजात पाने के लिए लोग अलाव, हीटर, ब्लोवर इत्यादि का सहारा ले रहे हैं। रविवार को दोपहर बाद हल्की सी धूप तो जरूर निकली, लेकिन लोगों को ठंड व गलन से राहत नहीं मिल सकी। जिले में अधिकतम तापमान 21 व न्यूनतम तापमान 04 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
एक सप्ताह से जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रविवार को बस स्टेशन परिसर हो या रेलवे स्टेशन, हर जगह सन्नाटा रहा। बाजारों में पहले की तरह चहल पहल देखने को नहीं मिली। जैसे-जैसे पारा लुढ़क रहा है, लोग अपने घरों में दुबकने लग रहे हैं। मार्निंग वॉक पर निकलने वाले लोग भी सुबह नहीं दिख रहे हैं। जानकारों की मानें तो तेज हवा चलने से गलन लगातार बढ़ रही है। अभी और भी गलन बढ़ने की संभावना है।