फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
दीवार की ईंट हटाकर कमरे में पहुंचे लोग, निकाला शव
हाटा(कुशीनगर)। कोतवाली क्षेत्र के सकरौली गांव में सोमवार सुबह एक नवविवाहिता का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। जब लोगों को घटना की जानकारी हुई तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और दीवार की ईंट को हटाकर कमरे में पहुंचे। शव को नीचे उतारा गया।
सकरौली गांव निवासी चंद्रशेखर सिंह की शादी एक माह पहले नगरपालिका हाटा के वार्ड नंबर तीन पिपरा कपूर के अशोक सिंह की बेटी निक्कू के साथ हुई थी। वह शादी के बाद ही विदा होकर ससुराल गई थी। सोमवार सुबह उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुल रहा था तो परिवार के लोग परेशान हो गए। कमरे में कहीं से झांककर देखा गया तो निक्कू फंदे से लटक रही थी।
इस संबंध में कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।