गुरवलिया बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गुरवलिया गांव के बंजारापट्टी टोले में रविवार दोपहर बाद करीब एक बजे विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर भाग गए हैं। घटना को लेकर गांव के लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे है।
मिली जानकारी के अनुसार, बंजारा पट्टी निवासी सलमुद्दीन उर्फ भुवर की पत्नी सनम खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मृतका अपने पीछे तीन वर्ष और आठ माह के दो मासूम बच्चों को छोड़ गई है।
घटना की सूचना पर आई तुर्कपट्टी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में एसओ आलोक कुमार ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मायके पक्ष की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद