सेमरियावां। गर्मी में बाजार भी बदलने लगा है। बाजार में सूती कपड़ों की खरीदारी में उछाल देखा जा रहा है। चिलचिलाती धूप से राहत पाने के लिए लोग हल्के आरामदायक और सूती कपड़ों की खरीदारी की ओर रुख कर रहे हैं। इससे रेडीमेड और कपड़े के बाजारों में रौनक लौट आई है।
मौसम का तापमान लगातार बढ़ने और सुबह से तेज धूप निकलने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। ऐसे में गर्मी बढ़ते ही बाजार में हल्के और आरामदायक कपड़ों की मांग तेज हो गई है। लोग खासतौर पर सूती कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं, जिसे देखते हुए दुकानदारों ने पहले से तैयारी कर रखी है।
तापमान में इजाफे के साथ शहर से लेकर दुकानों में रेडीमेड और कपड़े की दुकानों में सूती वस्त्रों की बिक्री बढ़ गई है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग हल्के कपड़ों को प्राथमिकता दे रहे हैं। शहर के अलावा सेमरियावां, बाघनगर, लोहरौली, सालेहपुर, दानोकुइयां, दुधारा, चिउटना आदि प्रमुख बाजारों में गर्मी के कपड़े की खरीदारी जोरों पर है।
इस सीजन में कॉटन कुर्ती, टॉप और आरामदायक सूती परिधानों की मांग सबसे ज्यादा है। हल्के रंग और कॉटन के कपड़े सबसे पहले पसंद किए जा रहे हैं। दरअसल, इस बार महिलाओं के लिए समर कलेक्शन की भरमार कपड़ा मार्केट में देखने को मिल रही है। इसके चलते हर दुकान पर ग्राहकों की भारी भीड़ नजर आ रही है।
हल्के और कूल फैब्रिक जैसे कॉटन, रेयॉन और फ्लोरल प्रिंट वाले सूट इस सीजन में खास पसंद किए जा रहे हैं। सेमरियावां बाजार में कपड़ा दुकानदार रूहुल्लाह ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों के चलते अभिभावक बच्चों के लिए सूती यूनीफॉर्म कपड़े खरीद रहे हैं। साथ ही मांगलिक कार्यक्रमों के चलते भी हल्के और आरामदायक कपड़ों की मांग बढ़ी है।
रेडीमेड कपड़ा के दुकानदार हाफिज जाहिद के अनुसार फरवरी से ही गर्मी का असर दिखने लगा था, इसलिए पहले ही कपड़ों का ऑर्डर दे दिया गया था। वर्तमान में ग्राहक रेडीमेड में भी कॉटन और सूती कपड़ों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। कपड़ों की कीमत करीब 200 रुपये से शुरू हो रही है। सेमरियावां बाजार के रेडीमेड गारमेंट दुकानदार आल अहमद उर्फ रज्जू ने बताया कि ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए सूती कुर्तियां, शर्ट, टी-शर्ट, सूट और बच्चों के कपड़ों की नई वैरायटी पहले ही मंगा ली गई थी।
ग्राहक गुणवत्ता के साथ उचित दाम को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। इसलिए अलग-अलग रेंज में कपड़े उपलब्ध कराए गए हैं। गर्मी और सहालग को देखते हुए बाजार में सूती वस्त्रों की लेटेस्ट डिजाइनें बाजार में हैं। इसमें युवाओं को राउंड नेक, कॉलर टीशर्ट और प्लेन कुर्ता ज्यादा पसंद आ रहा है। शादी समारोह के लिए प्रिंटेड-प्लेन कुर्ता खरीद रहे हैं। महिलाओं को भी प्रिंटेड कुर्ता अधिक भा रहा है। इनकी जमकर खरीदारी हो रही है।