कुशीनगर। कुशीनगर महोत्सव के छठवें दिन पूर्व डीजीपी स्व. बाबूलाल यादव स्मृति मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। तमकुहीराज रामलीला मैदान से किसान पीजी काॅलेज बनरहां के खेल मैदान तक आयोजित इस मैराथन के पुरुष में रंजीत पटेल व महिला वर्ग में सरिता निषाद विजयी रहे।
रविवार को प्रातः उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के डिप्टी कमिश्नर बीके मोहन ने बतौर मुख्य अतिथि हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। पांच किमी की दौड़ में गोरखपुर के रंजीत पटेल अव्वल, गोरखपुर के ही अभिषेक दूसरे और यहीं के शिव कुमार निषाद तीसरे स्थान पर रहे। कुशीनगर के मृत्युंजय यादव चतुर्थ, गोरखपुर के विकास यादव पांचवें व कुशीनगर के चंदन यादव छठवें स्थान पर रहे। नीतीश प्रजापति, अर्जुन गुप्ता, कृष्णा यादव सहित 14 धावकों को प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।
महिला वर्ग में सरिता निषाद प्रथम, आंचल यादव द्वितीय, काजल कुमारी तृतीय, गोल्डी चतुर्थ, अंजलि गोंड पांचवें व ज्योति छठवें स्थान पर रहीं। पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते मुख्य अतिथि ने कहा कि कुशीनगर महोत्सव सामाजिक, धार्मिक व सांस्कृतिक सरोकार के साथ सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक कराने को समर्पित है। इसी का नतीजा है कि आज ग्रामीण क्षेत्र में युवा खेल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही है। आरपी राय और आलोक राय विशिष्ट अतिथि रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष विनय राय ने आभार प्रकट किया। जिला स्काउट प्रशिक्षक अजय निगम, शैलेंद्र तिवारी, सूरज कन्नौजिया, जवाहर प्रसाद, संजय सिंह, पंकज राय आदि उपस्थित रहे।